सुविधा की जगह परेशानी का सबब बना अंबेडकर सेतु और जीजी ब्रिज



फ्लाईओवर घोटाला: भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी जनता की सुविधाएँ,कां, ग्रेस का सरकार पर तीखा हमला

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही में लोकार्पित अंबेडकर सेतु और जीजी ब्रिज सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बने ये फ्लाईओवर जनता को राहत देने के बजाय मुसीबतों का अड्डा बन चुके हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया और भ्रष्टाचार के इस बड़े खेल की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

जनता को धूल, शोर और परेशानियां, लेकिन सरकार को कमीशन!

सुश्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए 'जन' से ज्यादा 'धन' महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन फ्लाईओवरों का निर्माण जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की मलाई खाने के लिए किया गया है। "अंबेडकर ब्रिज से गणेश मंदिर साइड से उतरने वालों के लिए कोई सही रास्ता नहीं छोड़ा गया। ई-3 और 10 नंबर मार्केट जाने वालों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। जो रास्ते बनाए गए हैं, वे जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि ठेकेदारों की जेबें भरने के लिए डिजाइन किए गए हैं।"

मुख्यमंत्री का लोकार्पण या भ्रष्टाचार पर मुहर?

कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, जिस फ्लाईओवर का लोकार्पण खुद मुख्यमंत्री ने किया, वह एक हफ्ते में ही उखड़ गया। यह केवल तकनीकी खामी नहीं, बल्कि संगठित भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने सवाल उठाया कि, क्या लोकार्पण मात्र एक औपचारिकता है या सरकार की जनता के प्रति कोई जिम्मेदारी भी है ?

भ्रष्टाचार से भी शर्माने लगा भ्रष्टाचार!

सुश्री शर्मा ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि "अब तो भ्रष्टाचार भी भाजपा सरकार से शर्माने लगा है।" उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि सरकारी तंत्र में ठेकेदारों, अधिकारियों और मंत्रियों की मिलीभगत से इस तरह की गड़बड़ियां हो रही हैं। जनता के टैक्स के पैसे का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है।

अधिकारियों और ठेकेदारों पर दर्ज हो आर्थिक अपराध का मुकदमा

कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी अधिकारियों, ठेकेदारों और जिम्मेदार नेताओं पर आर्थिक अपराध का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि "इस ब्रिज के निर्माण में जनता के पैसों का गबन किया गया है। यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी और जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी।"

जनता कब तक भुगतेगी भाजपा सरकार की नाकामी?

सुश्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत साफ नहीं है। जनता की मेहनत की कमाई व्यर्थ जा रही है, लेकिन सरकार केवल अपनी वाहवाही लूटने में व्यस्त है। अगर सरकार जनता की परवाह करती तो इन फ्लाईओवरों की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाता, लेकिन यहां तो पूरा खेल ही भ्रष्टाचार का है।

भ्रष्टाचार का पुल जनता के लिए खतरा!

कांग्रेस प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि अगर इन फ्लाईओवरों की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतरकर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा, "सरकार को यह सोचना चाहिए कि जनता का धैर्य ज्यादा दिन तक नहीं रहेगा। भ्रष्टाचार का यह पुल किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। क्या सरकार किसी दुर्घटना के इंतजार में बैठी है?" उन्होंने कहा कि अब सवाल यह है कि क्या भाजपा सरकार इस घोटाले की सच्चाई जनता के सामने लाएगी या फिर भ्रष्टाचार के इस पुल को बचाने के लिए पर्दा डालेगी?

Comments