अब राज्‍य मंत्री रामखेलावन पटेल कोरोना पॉजिटिव


पूर्व में मंत्री भदौरिया और सिलावट भी ‎‎हो चुके हैं पॉजिटिव 


भोपाल । मध्य प्रदेश के मंत्री अरविंद भदौरिया और तुलसी सिलावट के बाद अब राज्‍य मंत्री रामखेलावन पटेल कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, वहीं उनके परिवार और स्टॉफ के भी सैंपल लिए गए हैं। एमएलए रेस्‍टहाउस से भी 4 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंत्री रामखेलावन पटेल सतना अमरपाटन से विधायक हैं और फिलहाल वे भोपाल में नवीन पारिवारिक परिसर स्थित एमएलए रेस्ट हाउस में रहते हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एक बार फिर कोरोना विस्‍फोट हुआ है। यहां 250 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसे मिलाकर शहर में अब संक्रमितों की संख्‍या बढकर 6250 हो गई है। यह पहली बार राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान इतने अधिक पॉजिटिव मरीज मिले है। इधर 92 संक्रमित मरीज स्‍वस्‍थ होकर डिस्‍चार्ज हुए हैं। इसे मिलाकर अब तक 3721 पॉजिटिव मरीज स्‍वस्‍थ होकर अब तक घर रवाना हो चुके हैं। कोरोना वायरस संक्रमण से ऋषी नगर चार ईमली में छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह कृष्‍णा नगर कॉलोनी करोंद में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।अरेरा कॉलोनी में रहने वाले एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए है। लहारपुर में भी तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा गांधी मेडिकल कॉलेज, बीएमएचआरसी, प्रोफेसर कॉलोनी, में भी एक-एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े हॉट स्पॉट जहांगीराबाद में फिर से दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान 4 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इस तरह भोपाल में अब तक कोरोना संक्रमण से 164 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। भाजपा के मध्य प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और संभाग संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद से भाजपा नेताओं में चिंता है। दोनों की रिपोर्ट दोपहर दो बजे आने के बाद डॉक्टरों व कोरोना विशेषज्ञों से जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सलाह ली। देर शाम तक दोनों को चिरायु अस्पताल में भर्ती किया गया है। बता दें कि मप्र के पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ वे विशेष विमान से लखनऊ गए थे। इस विमान में मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन मंत्री सुहास भगत व कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया भी थे।विगत दिनों मुख्यमंत्री और अरविंद भदौरिया की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। पहली बार की गई जांच में सुहास भगत की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन मुख्यमंत्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने दोबारा सैंपल दिया था। इसकी रिपोर्ट मंगलवार को आई, जिसमें उन्हें पॉजिटिव पाया गया। 


Comments