भारत में सब कुछ चलेगा पर हिन्दू विरोधी नहीं चलेगा : स्वामी वैराग्यानंद



मिर्ची बाबा के बयान से मचा सियासी बबाल, दिखाया दलों को आइना

भोपाल। जानेमाने धर्म गुरु श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज के एक बयान ने भारत की सियासत में तहलका मचा दिया है। बकस्वाहा के जंगल बचाने की मुहिम के तहत छतरपुर पहुंचे धर्म गुरु मिर्ची बाबा ने मीडिया से बातचीत में यह कहकर सनसनी फैला दी कि भारत में सब कुछ चलेगा पर हिन्दू विरोधी नहीं चलेगा। मिर्ची बाबा के इस बयान के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में उनके बयान को बड़ी गम्भीरता से देखा जा रहा है। अक्सर कांग्रेस नेताओं के पक्ष में अपनी बात कहने वाले धर्म गुरु श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज का यह बयान बुंदेलखंड क्षेत्र में उस समय आया जब आने वाले समय में उत्तरप्रदेश जैसे कई बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में फिलहाल भाजपा की सरकार है। ऐसे में मिर्ची बाबा का यह बयान दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज कांग्रेस नेताओं के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। 

शिवराज सरकार पर भी साधा निशाना

महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज ने शिवराज सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य गुजरात में सरकार बदलने से शिवराज सिंह में डर बैठ गया है। इसलिए शिवराज सिंह लगातार ट्रांसफर कर रहे हैं। मिर्ची बाबा ने कहा कि अब एक और अनाज घोटाला सामने आया है। इसलिए भाजपा को प्रदेश में मुख्यमंत्री बदल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में अंदर खाने सभी दुःखी हैं। वीडी शर्मा, नरोत्तम मिश्रा, नरेंद्र सिंह तोमर और सिंधिया ग्रुप के लोग सभी दुःखी हैं।

सिंधिया अच्छे तो उन्हें मुख्यमंत्री बना दे भाजपा :

 महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर पूछे गए एक सवाल के उत्तर में कहा कि अगर सिंधिया को बहुत अच्छा मानती है तो उनका राज तिलक करना चाहिए। भाजपा को तत्काल शिवराज सिंह चौहान को हटाकर ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश का नया मुख्यमंत्री बना देना चाहिए।

Comments