भगवान पार्श्वनाथ का होगा महा मस्तकाभिषेक



-दिगंबर जैन मंदिर पारस धाम भानपुर में होगा भव्य आयोजन
-मुनिश्री 108 विमल सागर जी महाराज ससंघ का होगा मंगल सानिध्य

भोपाल। श्री 1008 पंच बालयति दिगंबर जैन मंदिर पारस धाम भानपुर में श्री 1008 भगवान पार्श्वनाथ के महा मस्तकाभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। प्रखर तपस्वी, चिंतक, कठोर साधक, मूक माटी सहित अनेक ग्रंथों के रचयिता, राष्ट्रसंत आचार्य 108 विद्यासागर  महाराज के परम आज्ञानुवर्ती शिष्य आचार्य 108 मुनि विमल सागर महाराज, मुनि 108 अनंत सागर महाराज, मुनि 108 धर्म सागर महाराज तथा मुनि 108 भाव सागर महाराज के मंगल पुण्यवर्धन सानिध्य में प्रातः 7 बजे नित्य नियम पूजन विधान के साथ ही शांति धारा, भा-मंडल स्थापना के साथ ही मूलनायक श्री 1008 चिंतामणि पार्श्वनाथ भगवान की विशाल अतिशयकारी मनमोहक  प्रतिमा का सुमधुर संगीतमय महा मस्तकाभिषेक विधानाचार्य बाल ब्रह्मचारी अविनाश भैया द्वारा संपन्न होगा।

हेमलता जैन रचना ने बताया कि इस अवसर पर मुनि  विमल सागर महाराज के मंगल प्रवचनों का लाभ भी समाज जनों को प्राप्त होगा। पारस धाम भानपुर एवं सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा आयोजित महामस्तकाभिषेक का लाईव प्रसारण धार्मिक चैनल धर्म वाणी, यूट्यूब तथा जिनवाणी चैनल पर किया जाएगा। ज्ञातव्य है कि पारस धाम भानपुर में कई वर्षों से लगातार प्रत्येक शनिवार शाम 7:30 से 9:30 बजे तक भक्तामर जी का पाठ तथा गुरु भक्ति का संगीतमय आयोजन किया जा रहा है जहां पर समाज के धर्म प्रेमी बंधु गुरु भक्ति और प्रभु भक्ति के माध्यम से पुण्य व धर्म अर्चन कर आत्म कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

Comments