Skip to main content

कांग्रेस ने छीना आदिवासियों का हक, भाजपा सरकार ने दिये अधिकार : अर्जुन मुंडा



केंद्रीय मंत्री बोले, कांग्रेस की सरकारों में जनजाति समाज की सिर्फ उपेक्षा की

भोपाल। आजादी के बाद देश-प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन इन सरकारों ने जनजातीय समाज की उपेक्षा की। जनजातीय समाज के लिए काम करने की बजाय कांग्रेस इनके हितों की अनदेखी करती रही और इसीलिए देश-प्रदेश की जनता ने उसे नकार दिया है। मध्यप्रदेश में चुनाव हैं और कांग्रेस पार्टी एक बार फिर जनजातीय समाज के लोगों को भ्रमित करने में जुट गई है। कांग्रेस पार्टी ने अपने वचन पत्र में उन बातों को भी शामिल कर लिया है, जिन्हें भाजपा की सरकार पहले ही लागू कर चुकी है। यह बात केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बुधवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। 

कांग्रेस को जनजातीय समाज ने नकारा

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की सरकारों ने देश, देशवासियों और जनजातीय समाज के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने जनजातीय समाज को उपेक्षित रखा। कांग्रेस पार्टी सत्ता में बने रहने की हथकंडेबाजी करती रही। श्री मुंडा ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी हितों की अनदेखी की और उनके नैसर्गिक जीवन पर लगातार प्रहार किए। कांग्रेस पार्टी ने जो वादे जनजातीय समाज से किए, उन्हें पूरा नहीं किया। जो नीतियां बनाई लागू नहीं की। जनजातीय आबादी के अनुसार जो उप योजनाएं बनीं, उनका अनुसरण नहीं किया। कांग्रेस की सरकारों ने न शिक्षा और स्वास्थ्य की चिंता की, न आवागमन और सिंचाई जैसी सुविधाओं पर फोकस किया। यही वजह रही कि कांग्रेस के शासनकाल में जनजातीय समाज के लोगों का सबसे ज्यादा विस्थापन और पलायन हुआ। श्री मुंडा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय हितों को नजरअंदाज किया, इसलिए देश और प्रदेश के जनजातीय समाज ने, जनता ने उसे नकार दिया है। 

जो काम हो चुके, उनके लिए वचन पत्र में वादे कर रही कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने जो काम जनता के हित में, जनजातीय समाज की भलाई के लिए किए हैं, उनसे कांग्रेस घबराई हुई है और यही बात उसके वचन पत्र से भी स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष 15 नवंबर को शहडोल में आयेजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी ने पेसा एक्ट के अंतर्गत प्रबंधन के दायित्व पंचायतों और ग्राम सभाओं को देने की शुरुआत कर दी थी। लेकिन कांग्रेस इसके लिए अपने वचन पत्र में वादा कर रही है। श्री मुंडा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में जनजातीय अधिकारों के लिए कानून बनाने की बात की है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी की सरकार अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय और संवैधानिक तौर पर अलग आयोग बनाने का काम पहले ही कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जनजातीय बहुल क्षेत्रों में डॉ. भीमराव अंबेडकर और वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर खेल परिसर बनाने का काम कर रही है और कांग्रेस अपने वचन पत्र में इनके लिए भी वादे कर रही है। 

जनजातीय समाज को छलती रही है कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस जनजातीय समाज को वोट बैंक समझकर छलती रही है। कांग्रेस की गतिविधियां कुछ परिवार या क्षेत्रों तक ही सीमित रही, उनका लाभ समग्र जनजातीय समाज को कभी नहीं मिला। मध्यप्रदेश में 41 साल तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन कभी भी उसने दलित, आदिवासी समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया, बल्कि इसके लिए राजपरिवारों के सदस्यों, धन्ना सेठों और गांधी परिवार के दरबारियों को ही चुना जाता रहा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की 15 महीनों की सरकार ने बैगा, भारिया और सहरिया भाइयों के लिए शुरू की गई योजनाएं बंद करके उन्हें मिल रही सुविधाओं से वंचित कर दिया था। कांग्रेस की सरकारों ने दलितों, आदिवासियों के लिए केंद्र से मिलने वाले फंड को कभी भी पूरी तरह उपयोग नहीं किया। श्री मुंडा ने कहा कि मि. बंटाढार दिग्विजय सिंह के शासन में तो आदिवासियों के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हुई थी और 2002 में तो इन अपराधों में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस आदिवासी युवाओं को नौकरी देने की बात कर रही है, लेकिन दिग्विजय सिंह की सरकार ने दस सालों तक एमपीपीएससी पर रोक लगा रखी थी। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार आने के बाद  न सिर्फ बैकलॉग पद भरे गए, बल्कि पढ़ी लिखी आदिवासी बेटियों को पुलिस व अन्य विभागों में अधिक आरक्षण दिया। श्री मुंडा ने कहा कि कांग्रेस पेसा एक्ट के नाम पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकती रही है, जबकि यह एक्ट लागू करके जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन का हक देने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।   

जनजातीय समाज और क्षेत्रों का विकास कर रही भाजपा सरकार

केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा ने कहा कि 2014 में देश की जनता ने अभूतपूर्व समर्थन देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनाई और मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर लगातार जनजातीय समाज के हित में काम कर रही है, नीतियों को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय 2003 में जनजातीय कार्य विभाग का बजट 746.6 करोड़ रुपये था, जिसे 2022-23 तक मोदी सरकार ने बढ़ाकर 10813 करोड़ कर दिया है। इस हिसाब से बजट में 1348 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र में 10 वर्ष तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार थी, जिसने देश भर में आदिवासी कल्याण के लिए मात्र 29,000 करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आदिवासी कल्याण पर 1,32,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य मूलभूत आवश्यकताएं हैं, जिनके लिए भाजपा की सरकारों ने विशेष प्रयास किए हैं। भाजपा की सरकार ने प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में 63 आवासीय विद्यालय खोले हैं, जबकि मध्यप्रदेश सरकार ने 95 सीएम राइज स्कूल खोले हैं। कांग्रेस के समय में सिर्फ 03 कन्या शिक्षा परिसर थे, जिन्हें भाजपा की सरकार ने 84 तक पहुंचा दिया है। कांग्रेस के समय में 725 आश्रम थे, जिन्हें भाजपा की सरकार ने 1083 तक बढ़ा दिया है। कांग्रेस के समय में खेल परिसरों की संख्या महज 14 थी, जिन्हें भाजपा की सरकार ने 26 तक पहुंचा दिया है। आज प्रदेश के आश्रमों, छात्रावासों, विद्यालयों, एकलव्य शालाओं, कन्या शिक्षा परिसर एवं क्रीड़ा परिसरों में लगभग 24 लाख जनजातीय विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। श्री मुंडा ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार ने बैगा, सहरिया, भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान योजना फिर शुरू कर दी है, जिससे हर महीने 2 लाख 30 हजार से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

भाजपा सरकार दे रही जनजातीय नायकों को सम्मान

केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गांधी परिवार को ही प्रमुखता और सम्मान दिया, जनजातीय नायकों को भुला दिया। उन्होंने कहा कि मैं झारखंड के खूंटी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता हूं, जहां भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजाया और अपनी पारंपरिक व्यवस्था तथा आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने उनके जन्मदिन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की है। मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, राजा शंकरशाह, रघुनाथ शाह, वीरांगना रानी दुर्गावती, भीमा नायक और खाज्या नायक जैसे महापुरुषों के सपनों को साकार कर रही है। इन महापुरुषों और जन जनायकों की स्मृतियों को संजोने के लिए प्रदेश सरकार स्मारक और संग्रहालय बना रही है। भाजपा सरकार ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नामकरण रानी कमलापति और पातालपानी स्टेशन का नामकरण टंट्या मामा के नाम पर करके इन नायकों को सम्मान दिया है। हमारी सरकार ने छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नाम राजा शंकर शाह के नाम पर और प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों का नाम भगवान बिरसा मुंडा और राजा ह््रदय शाह के नाम पर किया है। श्री मुंडा ने कहा कि जनजातीय समुदाय के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव लाने का काम भाजपा की सरकारें कर रही हैं और इनके परिणामस्वरूप पूरे देश में जनजातीय गौरव वापस लौट रहा है। भाजपा के नेतृत्व में जनजातीय समाज सशक्त और समृद्ध बन रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

हेयर ट्रीटमेंट को लेकर सजग हो रहे लोग : राज श्रीवास

सुनीता ब्यूटी एकेडमी द्वारा दो दिवसीय हेयर मास्टर क्लॉस का आयोजन भोपाल। सौंदर्य के क्षेत्र में कार्यरत राजधानी की जानीमानी संस्था सुनीता ब्यूटी एकेडमी भोपाल द्वारा आनंद नगर में प्रारम्भ किए गए अपने नवीन आउटलेट में 2 दिन का हेयर आर्टिस्ट डिप्लोमा क्लॉस आयोजित किया गया। उक्त जानकारी देते हुए सुनीता ब्यूटी एकेडमी भोपाल की संस्थापक सुनीता सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के हेयर गुरु के नाम से मशहूर तथा  जानेमाने हेयर एक्सपर्ट राज श्रीवास के मार्गदर्शन में दो दिवसीय हेयर मास्टर क्लॉस और हेयर आर्टिस्ट डिप्लोमा क्लॉस का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय सत्र में पहले दिन इंटरनेशनल  हेयर कट टेक्निक, एडवांस ब्लो ड्राई स्टाइलिंग, इंटरनेशनल  हेयर कलर टेक्निक, ऑफ्टर कलर स्टाइलिंग, कलर केयर एंड टेक्निक की जानकारी दी जी। वहीं सत्र के दूसरे दिन हेयर नैनो प्लास्टिया ट्रीटमेंट, मेगा साइन ट्रीटमेंट,  इको प्लास्टिया ट्रीटमेंट, हेयर बोटोक्स ट्रीटमेंट, हेयर कॉलेजेन ट्रीटमेंट,  फ्रिज़ ऑट हेयर ट्रीटमेंट की जानकारी सभी ब्यूटी आर्टिस्टों की दी गई। ब्यूटी एक्सपर्ट सुनीता सिंह और गायत्री मालवीय द्...

जेल के अन्दर का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर जेल की सुरक्षा के साथ किया खिलवाड़ : मिर्ची बाबा

मिर्ची बाबा ने केंद्रीय जेल अधीक्षक के कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल कहा, कैदियों के पेट काटकर उनकी स्वंत्रता और गरिमा तथा जेल की गोपनीयता कर रहे भंग भोपाल। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के महामंडलेश्वर महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद गिरी महाराज ने केंद्रीय जेल भोपाल के अधीक्षक पर कैदियों के पेट काटकर उनकी स्वंत्रता और गरिमा तथा जेल की गोपनीयता कर रहे भंग करने का आरोप लगाया है। मिर्ची बाबा ने कहा कि मुझे विशेष सूत्रों के माध्यम से पता चला है कि जेल में बंद कैदियों के पेट का हक काट कर जेल अधीक्षक ने कथावाचक  अनिरुद्धाचार्य की कथा का आयोजन केंद्रीय जेल में किया गया एवं कथा के दौरान संबंधित कैदियों से समव्यावहार व बातचीत का वार्तालाप कथावाचक के यूट्यूब चैनल पर भी चलाया जा रहा है । मिर्ची बाबा ने कहा कि केन्द्रीय जेल भोपाल में वर्ष 2023 में कथावाचक हरि ठाकुर चंडीगढ़ एवं वर्ष 2024 में कथावाचक आचार्य अनिरुद्धाचार्य की बड़े स्तर पर दो भागवत कथाओं का आयोजन किया गया था। सवाल यह उठता है कि आयोजन में खर्च की गई राशि और उसकी अनुमति क्या प्रशासन से ली गई थी।  उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन के...

भूमि पूजन करने आईं मंत्री, मधुमक्खियों ने लगवा दी दौड़

जान बचाकर दौड़ीं, काम नहीं आई सरकारी सुरक्षा व्यवस्था  मंच से शुरू हुआ मधुमक्खियों का कहर, मच गई भगदड़ सतना (मध्य प्रदेश)।  नेता और मंत्री जहां जाते हैं, वहां सुरक्षा का इतना कड़ा घेरा होता है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। लेकिन सतना में मधुमक्खियों ने इस सुरक्षा का ऐसा मजाक उड़ाया कि मंत्री और अधिकारी तक जान बचाकर भागने पर मजबूर हो गए! शुक्रवार को सतना के सिविल लाइन इलाके में बन रहे शहीद स्मृति पार्क का भूमि पूजन समारोह था। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी जैसे ही पूजा की तैयारी करने लगीं, अचानक सैकड़ों मधुमक्खियों का झुंड वहां आ धमका। मधुमक्खियों ने बिना किसी चेतावनी के ऐसा हमला किया कि पूरा कार्यक्रम स्थल जंग का मैदान बन गया। अफसर, नेता, सुरक्षा गार्ड—जो जहां था, वही से अपनी जान बचाने भागा! मंत्री प्रतिमा बागरी भी दौड़ती नजर आईं, उनके साथ अधिकारियों की भी हालत खराब हो गई। सुरक्षा बेबस, मंत्री को भी भागना पड़ा मंत्री और अधिकारी अक्सर वीआईपी सुरक्षा घेरे में चलते हैं, लेकिन यहां मधुमक्खियों ने सारी व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया। गार्ड, पुलिसकर्मी भी बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। ...