30 से 4 जनवरी तक ज्यादातर जिलों में बारिश-ओले के आसार



प्रदेश में फिर गिरेगा मावठा, विदिशा, रायसेन, खरगोन में घना कोहरा  
सतना-दतिया में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम 
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोहरे के कहर के बाद एक बार फिर मावठा गिरने के आसार बन गए हैं। नए साल से दो दिन पहले  प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश-ओले का दौर शुरू होगा।  मंगलवार को भी कोहरा रहा। सतना और दतिया में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन में भी हल्की धुंध रही। विदिशा, रायसेन, खरगोन और दूसरे शहरों में भी घना कोहरा रहा। 29 दिसंबर से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। यह काफी स्ट्रॉन्ग होगा। इस वजह से प्रदेश के कई जिलों में 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक बारिश और ओले गिरने के आसार हैं। यानी नए साल की शुरुआत बादल और बारिश से हो सकती है। 

मौसम विभाग, भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में दक्षिण-पूर्वी हवाएं एक्टिव हैं। ग्वालियर-चंबल में उत्तरी-पूर्वी हवाओं का टकराव है। इस कारण घना कोहरा छा रहा है। अगले दो दिन तक कोहरे का असर रहेगा। 6 संभागों में ओले-बारिश, 4 में बूंदाबांदी के आसार मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर की रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, भोपाल, सागर और रीवा संभाग में ओलावृष्टि और बारिश के आसार हैं। इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल में बूंदाबांदी हो सकती है।

 15 राज्यों में 30 तक घने कोहरे का अलर्ट 

देश के 15 राज्य ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रहेगा। यहां विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने का अनुमान है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ जगहों पर विजिबिलिटी जीरो हो गई है। उधर, दक्षिण भारत में 31 दिसंबर तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और लक्षद्वीप में आज से अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।  
x

Comments