श्रद्धा और उल्लास के साथ राम की भक्ति का रंग


भोपाल।
रामलला के दर्शनों का सदियों का इंतजार आज समाप्त हो गया। अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। इसे लेकर पूरे देश में उल्लास है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव रजत विहार कालोनी में भी पूरे उत्साह से मनाया गया। सोसायटी के रहवासियों ने सुबह केशरिया ध्वज और जय राम-जय राम की ध्वनि के साथ प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रभातफेरी के बाद सोसायटी में भगवान श्रीराम का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इसके अलावा सुंदरकांड का पाठ किया गया। मदद फाउण्डेशन की अध्यक्ष सुनंदा पहाड़े ने बताया कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद सोसायटी वासियों ने शाम को आतिशबाजी की और प्रसाद वितरित किया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए सोसायटी को भगवा झंडियों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था। 

Comments