"सतपुड़ा" की वादियों में संगठन का "दर्शन पाठ"



भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आज से, अमित शाह बताएंगे पार्टी की विकास यात्रा

✍️ संदीप सिंह गहरवार
भोपाल। भीषण गर्मी के बीच सतपुड़ा की हरियाली अब राजनीति की गूंज से सराबोर होगी। नौतपा की तीव्र तपिश से कुछ राहत मिलने के साथ ही भाजपा संगठन ने अपनी "संगठन शुद्धि और दृष्टि विस्तार" की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 14 जून शनिवार से पचमढ़ी में भाजपा का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसकी औपचारिक शुरुआत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करकमलों से होगी। शिविर में मध्यप्रदेश के सभी विधायक, सांसद और मंत्री अनिवार्य रूप से भाग ले रहे हैं, जिन्हें भाजपा की विचारधारा, कार्यसंस्कृति, अनुशासन और जनप्रतिनिधित्व की मर्यादाओं का व्यावहारिक और वैचारिक पाठ पढ़ाया जाएगा।

शाह की पाठशाला: विचारधारा और अनुशासन का संगम 

शनिवार दोपहर 3 बजे से शुरू हो रहे इस प्रशिक्षण सत्र में अमित शाह भाजपा की विकास यात्रा, संगठन के मूल सिद्धांतों और भारत के नव निर्माण में भाजपा की भूमिका पर विस्तृत उद्बोधन देंगे। श्री शाह का यह सत्र पार्टी के नीति निर्धारकों को न केवल प्रेरित करेगा, बल्कि भविष्य की दिशा भी तय करेगा। शाह की पाठशाला केवल एक प्रशिक्षण शिविर नहीं, बल्कि भाजपा के भावी नेतृत्व के लिए वैचारिक दिशा और राजनीतिक अनुशासन की प्रयोगशाला है। यहां से निकली नीतियां और दृष्टिकोण आने वाले चुनावों और भविष्य की सरकारों की दिशा तय कर सकते हैं।

रोज सुबह योग, दिनभर विचार-प्रशिक्षण 

तीन दिनों तक चलने वाले इस गहन प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिभागियों को सुबह 6 बजे से जागरण करना होगा। प्रत्येक दिन की शुरुआत सुबह 7 से 8 बजे योग व प्रार्थना से होगी। इसके पश्चात चार मुख्य सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें संगठन, राजनीति, संवाद और शासकीय कार्यों की बारीकियाँ साझा की जाएंगी। इस प्रशिक्षण शिविर को भाजपा के आंतरिक सशक्तिकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीते कुछ वर्षों में भाजपा में अन्य दलों के नेताओं की व्यापक एंट्री ने संगठन के भीतर विचारधारा की स्पष्टता और कार्यशैली की एकरूपता को चुनौती दी थी। यह शिविर न केवल विचार और व्यवहार का समन्वय सुनिश्चित करेगा, बल्कि यह तय करेगा कि भाजपा की पहचान ‘संघटन आधारित पार्टी’ की बनी रहे।
इस शिविर का आयोजन स्थल  पचमढ़ी, केवल एक खूबसूरत हिल स्टेशन ही नहीं, बल्कि भाजपा की प्रशिक्षण परंपरा से भी जुड़ा स्थान है। शांत वातावरण, सतपुड़ा की हरियाली और तपस्वी-सा अनुशासन, यह सब मिलकर भाजपा नेतृत्व को आत्मचिंतन और रणनीतिक नवाचार का उपयुक्त मंच प्रदान करेगा।

प्रशिक्षण में प्रमुख वक्ता और विषय :

अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) : 
भाजपा का वैचारिक आधार और राष्ट्र निर्माण की भूमिका।
शिवप्रकाश (राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री):
 जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच समन्वय की कला।
अजय जामवाल (क्षेत्रीय संगठन महामंत्री) : 
राजनीतिक रणनीति और भविष्य की दृष्टि।
भूपेंद्र यादव (केंद्रीय पर्यावरण मंत्री) : 
लोक व्यवहार, जनसंपर्क और समय प्रबंधन।
वी.डी. शर्मा (प्रदेश भाजपा अध्यक्ष) : 
भाजपा की कार्यपद्धति और सांगठनिक अनुशासन
डॉ. महेन्द्र सिंह(प्रदेश प्रभारी) :
 हमारा विचार और पंचनिष्ठा।
शिवराज सिंह चौहान(केंद्रीय कृषि मंत्री) :
विकसित भारत और मध्यप्रदेश के संदर्भ में मोदी सरकार के परिवर्तनकारी कदम।
स्वप्निल कुलकर्णी (आरएसएस) :
शताब्दी वर्ष की योजना और पंच परिवर्तन