महाराष्ट्र में शिवसेना ने धोखाबाजी की और कांग्रेस ने जनमत को ठगा : शाह


महाराष्ट्र की महाभारत के बाद भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने पहली बार खुलकर कहा है कि अजित पवार के साथ जाकर भाजपा ने कोई गलती नहीं की बल्कि शिवसेना ने पूरे महाराष्ट्र की जनता को धोखा दिया है। 


नई दिल्ली।  एजेंडा झारखंड कार्यक्रम में एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में अमित शाह ने तमाम विवादस्पद मुद्दों पर खुलकर जवाब दिए। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, अर्थव्यवस्था में कमजोरी, गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा हटाने जैसे सभी मामलों पर शाह ने बेबाक सवालों के दो टूक जवाब दिए। 


गृहमंत्री के मुताबिक मोदी जी की अगुआई में मौजूदा सरकार सभी चुनौतियों से निपटने में सक्षम है और आगे कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। 


-महाराष्ट्र में लगे झटके से पार्टी पर कितना असर हुआ है।


अमित शाह : वहां जो हुआ वो साफ साफ शिवसेना की धोखेबाजी है। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने मिलकर चुनाव लड़ा और जितनी सीटों पर भाजपा लड़ी उनमें 70 परसेंट सीटों पर जीत हासिल की। जबकि शिवसेना को सिर्फ 44 परसेंट सीटें ही मिली। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को मोदी जी के नाम पर वोट मिले। अजित पवार मामले में भी हमने विचारधारा पर समझौता नहीं किया बल्कि उद्धव ठाकरे ने विचारधारा से समझौता करके समझौता किया।


-भाजपा पर आरोप लगते रहते हैं कि वह गठबंधन धर्म नहीं निभा पाती।


अमित शाह : इस तरह के आरोप गलत हैं कि भाजपा गठबंधन धर्म नहीं निभा पाती। पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने त्रिपुरा,असम में गठबंधन सरकारें बनाईं। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा लेकिन वो आसजू के साथ मिलकर ही सरकार बनाएगी। 


-क्या राममंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भाजपा भुना रही है?


अमित शाह :  राममंदिर मुद्दे को भुनाने का सवाल ही नहीं उठता। यह  देश की इच्छा थी कि अयोध्या में राममंदिर बने लेकिन कांग्रेस नहीं चाहती थी कि अयोध्या में राम मंदिर बने और अगर उन्होंने अड़ंगा ना लगाया होता तो राम मंदिर बन चुका होता। हम डंके की चोट पर कहते हैं अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाएंगे। हमने देेेश को भरोसा दिया है कि कोर्ट के फैसले के मुताबिक ही राम मंदिर ट्रस्ट बनेगा।


-देश में रह रहे शरणार्थियों में इन दिनों भय व्याप्त है। दूसरे दल इस पर भ्रम फैला रहे हैं।


अमित शाह :  भाजपा एनआरसी के मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश में एनआरसी कराई जाएगी। पर लोगों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि इसमें धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होगा।


 -साध्वी प्रज्ञा ठाकुर आये दिन पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी करती हैं। उनके खिलाफ भाजपा का क्या स्टैंड है।


अमित शाह : मैंने स्पष्ट किया हैै कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के गोडसे वाले बयान से भाजपा पूरी तरह असहमत है और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। 


-केंद्र सरकार ने गाँधी परिवार की सुरक्षा क्यों कम कर दी। 


अमित शाह : एसपीजी सुरक्षा हटाने से सिर्फ एक परिवार को दर्द है।  एसपीजी सुरक्षा सिर्फ प्रधानमंत्री को मिलनी चाहिए। गांधी परिवार के तीनों सदस्यों को सर्वोच्च सुरक्षा दी गई है। 


-भाजपा के इलेक्ट्रोरल बॉन्ड पर भारी विवाद सामने आया है। विपक्ष ने जमकर घेराबंदी की है।


अमित शाह : इलेक्ट्रोरल बॉन्ड चुनाव में काला धन खत्म करने की व्यवस्था है। कांग्रेस ने हमेश से चुनाव में कालाधन बढ़ाने का काम किया है। इंदिरा से लेकर राजीव गांधी तक सबने कालेधन को बढ़ाने का उपाय किया है। हमारा दावा है  कि भाजपा ने एक पैसा ब्लैकमनी नहीं लिया है, सारा इलेक्ट्रोरल बॉन्ड से लिया है और भाजपा चंदे का एक एक पैसे का हिसाब देने को तैयार है।


-भाजपा के राज में अर्थव्यवस्था दिनोदिन गिरती जा रही है। 


अमित शाह: मुझे भरोसा है कि जल्द ही अर्थव्यवस्था की मुश्किलों पर काबू कर लिया जाएगा। क्योंकि मौजूदा संकट ग्लोबल इकोनॉमी की वजह से आया है, घऱेलू वजह से नहीं। 


 


Comments